बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अरवा पंचायत स्थित अरवा चौक से मजोसडीह-हादीपुर होते हुए महेशपुर को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। इस जर्जर सड़क पर आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण आए दिन राहगीर दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या पर कोई सुधि लेने वाला नहीं है।
यह सड़क मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण योजना के तहत मेसर्स प्रमोद कुमार सिंह द्वारा बनाई गई थी। अरवा से हादीपुर तक 4.130 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए 100.717 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई थी।
सड़क का निर्माण कार्य 10 दिसंबर 2020 को शुरू हुआ था और इसे 9 दिसंबर 2021 तक पूरा किया जाना था। इसके अतिरिक्त, सड़क के पांच साल के रखरखाव के लिए 42.102 लाख रुपये का प्रावधान भी किया गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क का निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता का था और मरम्मती का प्रावधान केवल कागजों पर ही पूरा किया गया।
स्थानीय निवासी और राह चलते मुसाफिर चंदन कुमार, राहुल कुमार, राजन कुमार, मुकेश पासवान, सोलन सदा और शंभू सिंह ने बताया कि सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। सड़क पर चलना बेहद मुश्किल है और बरसात के मौसम में जल जमाव के कारण स्थिति और भी बिगड़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता को इस समस्या से कई बार अवगत कराया है। हालांकि, विधायक ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विधायक वोट मांगने आते हैं, लेकिन जीतने के बाद वे अपने वादों पर खरे नहीं उतरते और जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ लेते हैं।
Bachhwara, Begusarai | Jul 18, 2026