बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर तीन पंचायत स्थित आलमपुर सूरो गांव के पास बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर अचानक गाड़ी के आगे बंदर आने के कारण एक टैम्पो पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो चालक सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा ले जाया गया।
जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जिसके बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया। जबकि, पांच घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घायलों की पहचान ऑटो चालक दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत मब्बी गांव निवासी स्वर्गीय रामेश्वर पासवान के पुत्र सिकंदर पासवान और टैम्पो में सवार अन्य घायलों में दरभंगा थाना क्षेत्र स्थित टावर चौक, दरभंगा निवासी सत्यनारायण राय की पत्नी रश्मि रेखा देवी, अशोक राय की पत्नी सुशीला देवी, कारी राय की पत्नी सत्या देवी, अजय राय की पत्नी गीता देवी, श्याम राय की पत्नी शैल देवी और स्वर्गीय शत्रुघ्न राय रीता देवी के रूप में की गई है।
घायल ऑटो चालक ने बताया कि वे सिमरिया गंगा घाट से गंगा स्नान कर टैम्पो से एनएच 28 के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आलमपुर सूरो के समीप अचानक एक बंदर टैम्पो के सामने आ गया। बंदर को देखकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।
डॉ. राज कमल ने पुष्टि की कि सत्या देवी और सुशीला देवी की गंभीर हालत के कारण उन्हें सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य पांच घायलों की स्थिति सामान्य है और उन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।