ग्रामीण क्षेत्रों में सभी शासकीय संस्थाओं के क्रियान्वयन का करें निरीक्षण : सीईओ जिला पंचायत श्री सक्सेना
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें : श्री सक्सेना
टीएल बैठक में विभागवार एवं अधिकारीवार शिकायतों की समीक्षा, 50 एवं 100 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों पर विशेष फोकस, जन विश्वास अभियान के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
--
सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों तथा समय-सीमा में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार एवं अधिकारीवार समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री सक्सेना ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा कर निराकरण की प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान करते हुए संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई हो तथा किसी भी विभाग की शिकायत अनअटेंड नहीं रहनी चाहिए। अनअटेंड शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जांच से संबंधित शिकायतों के निराकरण में विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न किया जाए। संबंधित अधिकारी शीघ्र निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।
जन विश्वास अभियान के आवेदनों का समय-सीमा में करें निराकरण
बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण, संवाद से समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। श्री सक्सेना ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करें तथा लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन की प्रगति पर नजर रखी जाए और निराकरण की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में टीएल पत्रकों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा से जुड़े प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
20 नवंबर को ग्राम पंचायत अस्तारी में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार, 20 नवंबर को ग्राम पंचायत अस्तारी में जनसमस्या निवारण, संवाद से समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। सीईओ जिला पंचायत श्री सक्सेना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक गतिविधियों की जानकारी के साथ आमजन की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
शासकीय संस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार लाएं अधिकारी
श्री सक्सेना ने ग्राम पंचायतों में संचालित शासकीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सेवाओं की उपलब्धता और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिन्हित कर उनके सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, यह सभी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh #मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान #CMHelpline #JansamparkMP #niwari