बड़वानी जिले में स्वामित्व योजना ने पकड़ी रफ्तार,गाँवों में नि:शुल्क रजिस्ट्री का काम जारी
.......
विभिन्न तहसीलों के दर्जनों ग्रामों में पंजीयन कार्य संपन्न
बड़वानी 12 अक्टूबर 2026/जिले में स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख एवं पंजीयन अभियान ने तेजी से गति पकड़ ली है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले के विभिन्न ग्रामों में लक्षित भूमि स्वामियों के अधिकार अभिलेखों का निरूशुल्क पंजीयन (रजिस्ट्री) किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहद सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।
सोमवार को जिले की सभी तहसीलों के विभिन्न ग्रामों में राजस्व विभाग के मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों, पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों तथा अन्य संबंधित शासकीय सेवकों ने घर-घर और स्थल पर पहुँचकर स्वामित्व अधिकार के तहत निःशुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
स्वामित्व योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए पंचायत एवं तहसील स्तर पर जिम्मेदारियाँ तय की गई है।पंचायत स्तर पर संबंधित पटवारी निष्पादन अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। पंजीयन की जिम्मेदारी तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व निरीक्षकों को सौंपी गई है।
अभियान के तहत सोमवार को जिले की विभिन्न तहसीलों के निम्नलिखित ग्रामों चिकल्या, कल्याणपुरा,बड़सलाय, उमरदा, बघाड़ी,छोटी खरगोन, चितावल, सांगवी, नरावला, कादवी में रजिस्ट्री का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वामित्व अधिकार निष्पादन अभिलेख एवं पंजीयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अभियान को पूर्ण गति से चलाएं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को पूरी लगन और निष्ठा के साथ लक्ष्य आधारित कार्य को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
2 views | Barwani, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026