किराए के मकान से 51 लीटर बीयर समेत अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
जहानाबाद : शहर में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की रात छापेमारी कर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। पीजी रोड स्थित गौतम बुद्ध विद्यालय के पास गैरेज के ऊपर बने एक किराए के मकान से 51 लीटर बीयर समेत अंग्रेजी शराब की कई बोतलें जब्त की गईं। मौके से गया जिला के रहने बाला चंद्रकांत प्रियदर्शी को गिरफ्तार किया गया।जिला उत्पाद अधिकारी ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गौतम बुद्ध विद्यालय के पास स्थित किराए के मकान में शराब रखी गई है। सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद पदाधिकारी रंजीता सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। इस दौरान बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने अपने भाई कुणाल का नाम भी बताया है। विभाग इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रहा है। साथ ही, बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी, इसका पता लगाया जा रहा है।जिला उत्पाद अधिकारी ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के बाद इलाके में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा है।