मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जमुई दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
24 जून को गिद्धौर के नयागांव पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, अधिकारियों को सुबह 6 बजे तक ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश
जमुई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 24 जून को प्रस्तावित जमुई दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गिद्धौर प्रखंड के कुन्धुर पंचायत स्थित नयागांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में उच्च स्तरीय ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी दंडाधिकारियों और पुलिस बलों को 24 जून की सुबह 6 बजे तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अस्थायी हेलीपैड और उसके आसपास के सुरक्षित क्षेत्र में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से वीआईपी कारकेड मार्ग, ड्रॉपगेट, हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास सघन एंटी-सबोटैज जांच कराने का निर्देश दिया गया है। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। केनुहट मोड़ से रतनपुर चौक होते हुए गिद्धौर थाना तक के मुख्य मार्ग पर 24 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक आम वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिविल सर्जन को जीवनरक्षक दवाओं और आवश्यक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस कारकेड में तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री के ब्लड ग्रुप के अनुरूप पर्याप्त रक्त एवं दो ब्लड डोनर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर को आपात चिकित्सा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां चिकित्सकों एवं सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती रहेगी। हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा के लिए अग्निशमन दस्ता भी पूरी तैयारी के साथ तैनात रहेगा।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही या समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Jamui, Jamui | Jun 23, 2026