भिण्ड कलेक्टर पहुँचे सदर बाजार
श्रमदान कर शहर वासियों को दिया स्वच्छता का संदेश
व्यापारियों, हाथ ठेला और टम-टम वालों को दी समझाइश
कचरा प्रबंधन के संबंध में सीएमओ भिण्ड को दिए निर्देश
कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन ने आज सुबह भिण्ड शहर के मुख्य बाजार सदर बाजार पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ, भूतपूर्व सैनिकों और समाज सेवियों के साथ श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
उन्होंने निर्देशित किया कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास किया जाए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान व्यापारियों और नागरिकों से कहा कि अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखना शासन-प्रशासन की जवाबदारी के साथ-साथ हम सबका भी मूल दायित्व है। अपने घर के आसपास स्वच्छता रखें और नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही कचरा डालें। उन्होंने नगर पालिका भिण्ड सीएमओ को निर्देशित किया कि शहर को बेहतर करें और नियमित कचरा गाड़ी पहुँचे यह भी सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने शहर भ्रमण के दौरान टम-टम चालकों को समझाइश दी कि बाजार में अनावश्यक रूप से टम-टम खड़ी नहीं करें, साथ ही हाथ ठेला वालों को हॉकर्स जॉन में ठेले लगाने की समझाइश दी।
उन्होंने हॉकर्स जॉन का निरीक्षण कर उसे व्यवस्थित और बेहतर बनाने के सीएमओ भिण्ड को निर्देश दिए।
सब्जी मंडी रोड़ और पुस्तक बाजार में हुआ श्रमदान
सीईओ जिला पंचायत भिण्ड श्री वीरसिंह चौहान ने भी भूतपूर्व सैनिक, समाज सेवियों तथा नगर पालिका टीम के साथ परेड चौराहे से सब्जी मंडी रोड़ तथा पुस्तक बाजार में श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. विद्यालय क्रमांक 01 के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता संबंधी नारों के साथ शहर वासियों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind
Bhind, Madhya Pradesh | Oct 18, 2026