अमरपुरी कॉलोनी नियमित होते ही खुलेंगे विकास के द्वार - सुमन बहमनी
मेयर ने वार्ड 20 की अमरपुरी कॉलोनी का दौरा कर सुनी लोगों की समस्याएं
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने पार्षद विक्रम राणा के साथ वार्ड नंबर 20 की अमरपुरी कॉलोनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कॉलोनी वासियों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने पानी निकासी, सफाई, सीवरेज, गलियों व नालियों के निर्माण, स्टॉर्म वाटर लाइन सहित विभिन्न समस्याएं मेयर के समक्ष रखीं। कॉलोनी वासियों ने अमरपुरी कॉलोनी को नियमित करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि अमरपुरी कॉलोनी समेत विभिन्न अनअप्रूव्ड कॉलोनियों को नियमित करवाने के भरकस प्रयास किए जा रहे है। कॉलोनी के नियमित होने के बाद यहां विकास के द्वार खुलेंगे। कॉलोनी के नियमित होने से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और विभिन्न विकास कार्य करवाने का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के सभी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जहां नियमों के तहत विकास कार्य करना संभव है, वहां लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मेयर ने कॉलोनी वासियों को बताया कि अमरपुरी कॉलोनी अभी अनअप्रूव्ड है। इसके चलते यहां नियमित कॉलोनियों की तरह नगर निगम द्वारा विकास कार्य नहीं करवाए जा सकते। लोगों ने कहा कि कॉलोनी में बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं और उन्हें सीवरेज, पक्की गलियों, नालियों, पानी निकासी तथा स्टॉर्म वाटर लाइन जैसी सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने मेयर से कॉलोनी के नियमितीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करवाने की मांग की, ताकि क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से विकास हो सके। मेयर ने उन्हें जल्द कॉलोनी को नियमित कराने का आश्वासन दिया। मेयर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली। उन्होंने पानी निकासी, सफाई और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के नियमितीकरण से संबंधित प्रक्रिया नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है। पार्षद विक्रम राणा ने भी कॉलोनी वासियों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके जल्द समाधान की मांग की। मौके पर नगर निगम सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व आसपास के लोग मौजूद रहें।
फोटो - वार्ड 20 की अमरपुरी कॉलोनी में लोगों की समस्याएं सुनती मेयर सुमन बहमनी।
कॉलोनी का दौरा करती मेयर सुमन बहमनी।