गांव की चौपाल से परिवार तक पहुंचेगा परिवार नियोजन का संदेश, स्वास्थ्य विभाग के साथ कदम मिलाएगी जीविका
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से योग्य दंपतियों की पहचान, जागरूकता और परिवार नियोजन सेवाओं से जोड़ने की पहल
जिला स्वास्थ्य समिति परिसर में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
किशनगंज, 27 नवंबर।
परिवार नियोजन का उद्देश्य केवल परिवार के आकार को सीमित करना नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा, बच्चों के बीच उचित अंतर, सुरक्षित मातृत्व और परिवार के बेहतर भविष्य का रास्ता तैयार करना है। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक दंपति को अपनी इच्छा, स्वास्थ्य और पारिवारिक परिस्थितियों के अनुरूप परिवार नियोजन के साधनों की सही जानकारी मिले तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें सहज रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी का अभाव, सामाजिक संकोच और परिवार नियोजन को लेकर प्रचलित भ्रांतियां कई बार लोगों को उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने से रोकती हैं। इसी दूरी को कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जीविका के साथ मिलकर परिवार नियोजन अभिसरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की पहल की है।इसी क्रम में आज जिला स्वास्थ्य समिति परिसर, किशनगंज में जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के लिए परिवार नियोजन विषय पर एक दिवसीय गैर-आवासीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अनुराधा चंद्र की उपस्थिति में कार्यक्रम के उद्देश्यों, निर्धारित गतिविधियों, जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य विभाग तथा जीविका के बीच समन्वय की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें डीपीएम हेल्थ, डीपीसी हेल्थ, बीएचएम, बीसीएम, जीविका के बीपीएम (जीविका ) तथा स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रखंड नोडल पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जीविका को जोड़ने का उद्देश्य, स्वास्थ्य सेवाओं और समुदाय के बीच मजबूत कड़ी बनाना
डीपीसी विस्वजित कुमार ने बताया की परिवार नियोजन कार्यक्रम में जीविका को सहभागी बनाने का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य उसकी व्यापक ग्रामीण पहुंच और स्वयं सहायता समूहों के मजबूत सामाजिक नेटवर्क का उपयोग करते हुए परिवार नियोजन के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। जीविका से जुड़ी महिलाएं गांवों में नियमित रूप से समूह बैठकों और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ी रहती हैं। ऐसे में वे परिवार नियोजन जैसे महत्वपूर्ण लेकिन कई बार संकोच से जुड़े विषय पर सहज संवाद का वातावरण तैयार कर सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग जहां गर्भनिरोधक साधनों, परामर्श, जांच और उपचार की सेवाएं उपलब्ध कराता है, वहीं जीविका अपने सामुदायिक तंत्र के माध्यम से जरूरतमंद और इच्छुक दंपतियों की पहचान कर उन्हें इन सेवाओं से जोड़ने में मदद करेगी। इस साझेदारी का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रजनन संबंधी जरूरतों पर जानकारीपूर्ण निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना, परिवार नियोजन के प्रति सामाजिक स्वीकार्यता बढ़ाना तथा उपलब्ध सुविधाओं की मांग और उपयोग में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करना है।
स्वयं सहायता समूह बनेंगे जागरूकता और संवाद का माध्यम
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जीविका के सामुदायिक कार्यकर्ता (सीएम), सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीएनआरपी) और स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं के समन्वय से गांवों में योग्य दंपतियों की पहचान की जाएगी। नवविवाहित दंपति, एक बच्चे वाले परिवार तथा दो या दो से अधिक बच्चों वाले परिवारों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी दी जाएगी। स्वयं सहायता समूहों की नियमित बैठकों, गृह भ्रमण और सामुदायिक संवाद के माध्यम से परिवार नियोजन, बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतर तथा गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी। इसके लिए योग्य दंपति सूची तैयार करने और उसे समय-समय पर अद्यतन रखने की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है।
इच्छुक लाभार्थियों को परामर्श और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर
उन्मुखीकरण में सीएम, सीएनआरपी और आशा कार्यकर्ताओं की अलग-अलग भूमिकाओं को स्पष्ट किया गया। सीएम समूह बैठकों एवं गृह भ्रमण के माध्यम से परिवार नियोजन की जानकारी साझा करेंगे, जबकि सीएनआरपी लक्षित लाभार्थी समूहों का गठन कर नियमित बैठकें आयोजित करने में सहयोग करेंगे। आशा कार्यकर्ता इच्छुक दंपतियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें गर्भनिरोधक साधनों के बारे में जानकारी देंगी। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को एएनएम, आशा फैसिलिटेटर और परिवार नियोजन परामर्शदाता के सहयोग से स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा। विशेष रूप से इच्छुक लाभार्थियों की पहचान, उनकी सहमति और आवश्यकता के अनुरूप उचित परामर्श तथा सेवा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
नियमित समीक्षा और जवाबदेही से मजबूत होगा क्रियान्वयन
सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने बताया की निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य विभाग और जीविका के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें कार्यक्रम की प्रगति, सामुदायिक गतिविधियों, योग्य दंपतियों की पहचान, परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधन अपनाने वाले लाभार्थियों तथा सामने आ रही चुनौतियों की समीक्षा की जाएगी। जिला स्तर पर प्रत्येक तीन माह में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यक्रम के क्रियान्वयन का आकलन किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों और उपलब्धियों का अभिलेखीकरण तथा निर्धारित डिजिटल माध्यम पर प्रगति दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।इस पहल से ग्रामीण परिवारों को परिवार नियोजन के संबंध में सही जानकारी और सेवाओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर खुलकर बात करने का अवसर मिलेगा और दंपति परिवार के भविष्य से जुड़े निर्णय अधिक जागरूकता के साथ ले सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग की तकनीकी एवं चिकित्सकीय सेवाओं और जीविका की सामुदायिक पहुंच का यह समन्वय परिवार नियोजन को केवल स्वास्थ्य संस्थानों की गतिविधि न रखकर जनभागीदारी से जुड़ा अभियान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
#IPRDBihar
#CMOBihar
#CMSamrat
#kishanganjbihar
#samratchoudhary
Samrat Choudhary
#kishanganjadministration
4 views | Kishanganj, Bihar | Nov 28, 2026