पुरस्कार वितरण के साथ जिला स्तरीय युवा उत्सव का हुआ समापन
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित हुईं विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं
============================
मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 4 एवं 5 नवंबर को जिला मुख्यालय में किया गया। जिला प्रशासन के संरक्षण एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस दो दिवसीय युवा उत्सव में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें चित्रकला, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
विभिन्न विकासखंडों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग - युवा उत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तथा सामाजिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम शुक्ला ग्राउंड स्थित इंडोर हॉल में आयोजित किया गया।
सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन - समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में छिन्दवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू सहित श्री अंकुर शुक्ला, श्री सौरभ ठाकुर, श्री रोहित पोफली, सुश्री गरिमा दामोदर एवं श्री विश्वेंद्र सिंह बेस विशेष रूप से उपस्थित थे। सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आगामी दिनों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सांसद साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा भी की।
विभिन्न विधाओं में विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित - प्रतियोगिताओं में समूह लोकनृत्य में जय मानस समूह नृत्य, इकलहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय छिंदवाड़ा प्रथम रहा। कविता लेखन में विद्या भूमि की श्रेष्ठा रोड़े, चित्रकला में जन्मेजय रूसिया तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में सभी विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों सहित सहभागी प्रतिभागियों को शील्ड, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निर्णायकों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया सम्मानित - युवा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्णायकों श्री अवधेश तिवारी, श्री विजय आनंद दुबे, श्री नेमीचंद व्योम, श्री रोहित रूसिया, श्री तपन राज चौधरी, श्री हेमंत झा, श्री शंकर सिंह ठाकुर, सुश्री अनुरक्ति चौरसिया, डॉ. मृदुला शर्मा एवं सुश्री मोहिता जगदेव को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री राकेश चौरसिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी (डीएसओ) श्री के.के. चौरसिया द्वारा किया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh