कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत जिन शिकायतों की जांच पूर्ण हो चुकी है, उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायत के निराकरण के पश्चात संबंधित आवेदक को की गई कार्यवाही एवं निराकरण के संबंध में अनिवार्य रूप से अवगत कराएं।
जनसुनवाई में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अनुकंपा नियुक्ति के एक प्रकरण की समीक्षा के दौरान सामने आया कि विभागीय कर्मचारी की गलती के कारण संबंधित आवेदक अनुकंपा नियुक्ति के लाभ से वंचित रह गया था। कलेक्टर ने इस मामले में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने स्वामित्व अभियान की समीक्षा करते हुए समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में प्रगति लाने के लिए पटवारियों को लक्ष्य निर्धारित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान के कार्यों को गति देने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मीना ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर एल-1 स्तर पर ही गंभीरता से कार्यवाही करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर भी समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके योजना अंतर्गत हितग्राहियों के ई केवाईसी कराए जाने के निर्देश दिए। इस संबंध में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। समस्त जनपदों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने के निर्देश दिए।
इसी के साथ ही भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। समस्त प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अखिलेश कुमार जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Oct 28, 2026