कलेक्टर आज सुबह पहॅुचे जिला अस्पताल, पिलाई बच्चो को पल्स पोलियो दवा
=
जिले में पल्स पोलियो अभियान कें अंतर्गत 1.60 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
==
1339 बूथ, 45 मोबाइल वैन और घर-घर पहुंचेंगी टीमें
==
कलेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों को बूथ तक लाने की अपील
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव आज सुबह जिला अस्पताल पहॅुचकर नन्हें बच्चो को पल्स पोलियो दवा पिलाई और बच्चो को टॉफी भी दिया।
कलेक्टर श्री यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1,60,204 बच्चों का आकलन किया गया है और सभी बच्चों तक दवा पहुंचाने के लिए 1339 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही 45 मोबाइल वैन भी संचालित की जा रही हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
उन्होने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेला स्थलों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिससे यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी दवा पिलाई जा सके। यदि किसी कारणवश कोई बच्चा अभियान के दिन छूट जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर लेकर आएं और उन्हें पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा सभी के सहयोग से ही जिले और देश को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।