ईआरओ नेट पर ईआरओ एवं एईआरओ के कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण
डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में ईआरओ नेट (ERO Net) पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत निर्वाचक नामावली से संबंधित विभिन्न कार्यों, उनके उत्तरदायित्वों तथा ईआरओ नेट पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के प्राथमिक दायित्वों एवं कर्तव्यों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। इसमें निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण, मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतन बनाए रखना, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण, ईआरओ नेट पोर्टल का प्रबंधन तथा निर्वाचक नामावली से संबंधित विभिन्न प्रकार के हेल्थ एनालिसिस आदि महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-6ए, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को इन प्रपत्रों के उपयोग, उनकी प्रक्रिया एवं उनके माध्यम से निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित करने, प्रवासी निर्वाचकों के पंजीकरण, नाम विलोपन तथा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं उनके नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।अधिकारियों को बताया गया कि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण करना, पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना तथा अपात्र एवं मृत मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करना ईआरओ के महत्वपूर्ण दायित्वों में शामिल है। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन से संबंधित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।प्रशिक्षण में बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी, उनके द्वारा किए जा रहे क्षेत्रीय सत्यापन एवं मतदाता संबंधी कार्यों की समीक्षा तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। ईआरओ नेट पोर्टल के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्यों के प्रबंधन, विभिन्न प्रपत्रों की स्थिति की निगरानी, लंबित प्रकरणों की समीक्षा तथा पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं के विश्लेषण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।इसी क्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के सहयोग से निर्वाचक नामावली से संबंधित कार्यों के संपादन, प्राप्त आवेदनों एवं दावों-आपत्तियों के परीक्षण, बीएलओ के कार्यों के अनुश्रवण, क्षेत्रीय स्तर पर सत्यापन तथा निर्वाचन संबंधी निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर एवं बीएलओ को संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा जाए, ताकि उनके द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की अपडेट नियमित रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि 19 एवं 20 नवम्बर को सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर की संबंधित एईआरओ कार्यालय में बैठक आयोजित की जाए। इन बैठकों में पूरी निर्वाचक नामावली का पुनः गहनता से पठन एवं अवलोकन कराया जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, गलत प्रविष्टि अथवा गलत फोटो होने की स्थिति में उसकी पहचान कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावली की जांच का कार्य अत्यंत गंभीरता एवं सावधानी के साथ किया जाए। निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए अब केवल डेढ़ माह का अत्यंत महत्वपूर्ण समय शेष है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-8 पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाताओं के नाम, पते एवं अन्य विवरणों में संशोधन से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए ईआरओ एवं एईआरओ अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचक नामावली से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएं।उन्होंने कहा कि बीएलओ के कार्यों की प्रभावी निगरानी एवं ईआरओ नेट पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं का नियमित विश्लेषण करते हुए मतदाता सूची की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 17, 2026