
बिलासपुर पुलिस की Backward Linkage में बड़ी कार्रवाई,मुख्य चिट्टा सप्लायर फतेहगढ़ साहिब से गिरफ्तार,
बिलासपुर: नशे के खिलाफ अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई चेन की जड़ तक पहुंचते हुए पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से एक कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय जगतार सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी रंधावा कॉलोनी, फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 8 मामले पहले से दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक बस की चेकिंग की थी। इस दौरान अमित गुप्ता पुत्र सुशील कुमार निवासी जीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब, उम्र 42 वर्ष के कब्जे से 37.17 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इस संबंध में थाना सदर बिलासपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों और मनी ट्रेल को खंगाला। इसी बैकवर्ड लिंकेज जांच के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान की, जो कथित तौर पर चिट्टे की सप्लाई से जुड़ा हुआ था।
इसके बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में दबिश दी और जगतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान के अनुसार, जांच में सामने आया है कि जगतार सिंह हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई से जुड़ा सक्रिय सप्लायर है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 8 अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस अब मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की सप्लाई का नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा है और इससे जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। डिजिटल साक्ष्यों और मनी ट्रेल की जांच के आधार पर पुलिस सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार जगतार सिंह के खिलाफ निम्न मामले दर्ज हैं—
1. FIR No. 246, दिनांक 10.12.2021, धारा 341, 506, 323, 341 IPC, थाना सरहिंद, पंजाब।
2. FIR No. 226, दिनांक 02.08.2015, धारा 307, 382, 452, 511, 323, 427, 506, 148, 149 IPC, थाना सरहिंद।
3. FIR No. 33, दिनांक 24.03.2013, धारा 21, 22 NDPS Act, थाना मुल्लापुर।
4. FIR No. 27, दिनांक 25.05.2015, धारा 21 NDPS Act, थाना मुल्लापुर।
5. FIR No. 33, दिनांक 08.03.2018, धारा 21 NDPS Act, थाना फतेहगढ़ साहिब।
6. FIR No. 33, दिनांक 09.02.2026, धारा 21 NDPS Act, थाना बदाली आला सिंह।
7. FIR No. 21, दिनांक 07.02.2014, धारा 22 NDPS Act, थाना सरहिंद।
8. FIR No. 87/2018, दिनांक 10.11.2018, धारा 302 IPC एवं 25, 27 Arms Act, थाना राजपुरा।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन को खत्म करने के लिए केवल स्थानीय स्तर पर चिट्टा पकड़ने के बजाय उसके बैकवर्ड लिंकेज तक पहुंचने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी कड़ी में दूसरे राज्यों में बैठे कथित मुख्य सप्लायरों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
#Bilaspur #BilaspurPolice #Chitta #HimachalPradesh #DrugFreeHimachal #NDPS #AntiChitta #UniqueTodayNews #UTHimachal