
देवास जिले के ग्राम पोलाय जागीर निवासी भारतीय सेना के हवलदार पवन यादव (35 वर्ष) का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई।
हवलदार पवन यादव पिछले 15 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष देश की सुरक्षा और सेवा में समर्पित किए। जम्मू-कश्मीर के बर्फीले क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LOC) के पास कठिन परिस्थितियों में वे अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
पवन यादव अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चों और माता-पिता को छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना परिवार तक पहुंचते ही घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्राम पोलाय जागीर में भी शोक का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जवान पवन यादव के परिवार को उचित आर्थिक सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
देश की सेवा में 15 वर्ष समर्पित करने वाले हवलदार पवन यादव के निधन से क्षेत्र ने एक कर्तव्यनिष्ठ जवान को खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।