
#Balrampur ! भैंस को बचाने रेलवे ट्रैक पर दौड़ी महिला, मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत; पसरा मातम
#तुलसीपुर (#बलरामपुर)।
देवीपाटन मंदिर के पास सिरिया नाले के निकट बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला और उसकी भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से ही गांव व मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी शाम लगभग 5:00 बजे जब सिरिया नाले के पास पहुंची, तभी देवीपाटन निवासी मालती देवी (50) पत्नी अवध राम उर्फ प्रधान की भैंस अचानक रेलवे ट्रैक के बीच आ गई। अपनी भैंस को पटरी से हटाने और उसकी जान बचाने के लिए मालती देवी बदहवास होकर ट्रैक की ओर दौड़ीं। हालांकि, ट्रेन की गति तेज होने के कारण वह और उनकी भैंस दोनों गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के पति अवध राम ने रोते-बिलखते हुए बताया कि मालती देवी दोपहर को भैंस चराने के लिए घर से निकली थीं। मृतका के परिवार में उनका एक बेटा है, जो पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है, जबकि उनकी पांचों बेटियों की शादी हो चुकी है।
मामले में तुलसीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को घटना के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। सूचना मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।