छपरा में दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारण पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसी कड़ी में सारण पुलिस की ओर से ‘स्कूटी वाली पुलिस दीदी’ को तैनात किया गया है।
स्कूटी से लैस महिला पुलिसकर्मी शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार भ्रमण कर रही हैं और महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा पर नजर रख रही हैं। इस दौरान मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि पूजा घूमने निकली महिलाओं और युवतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सारण पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस की सक्रिय गश्ती से मनचलों में कार्रवाई का डर पैदा करने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
Chapra, Saran | Oct 18, 2026