
चुराह की छह प्रमुख मांगों को लेकर यशवंत खन्ना ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, नकरोड़ में उप-तहसील और तीसा में एचआरटीसी उप-डिपो खोलने की उठाई मांग
चुराह,चम्बा। चुराह विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं चुराह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी यशवंत सिंह खन्ना ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
पत्र में यशवंत खन्ना ने सबसे पहले चुराह अस्पताल की स्थिति सुधारने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सफाई और शौचालयों की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है तथा पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सकों और आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद जल्द भरने की मांग की है।
दूसरी प्रमुख मांग चुराह के मध्य क्षेत्र नकरोड़ में नई उप-तहसील स्थापित करने की है। यशवंत खन्ना ने कहा कि चुराह तहसील के अंतर्गत करीब 25 पटवार वृत्त आते हैं, जिसके कारण दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने नकरोड़ में उप-तहसील स्थापित कर इसमें करीब 12 पटवार वृत्त शामिल करने का आग्रह किया है।
तीसरी मांग तीसा में हिमाचल पथ परिवहन निगम का उप-डिपो खोलने की है। उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक क्षेत्र होने के कारण चुराह में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा नहीं है। तीसा में उप-डिपो खुलने से नए बस मार्ग शुरू करने और बंद पड़े मार्गों को दोबारा संचालित करने में मदद मिलेगी।
यशवंत खन्ना ने सनवाल से हरिद्वार के लिए नियमित निगम बस सेवा शुरू करने की मांग भी रखी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चंबा से हरिद्वार के लिए पर्याप्त सीधी बस सुविधा उपलब्ध नहीं है और चुराह क्षेत्र के लोगों को धार्मिक एवं अन्य आवश्यक यात्राओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने सनवाल से हरिद्वार के लिए नियमित बस चलाने का आग्रह किया।
पत्र में चुराह विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित करने की मांग भी शामिल है। यशवंत खन्ना ने कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
छठी मांग हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक की शाखा खोलने की है। उन्होंने चुराह विधानसभा क्षेत्र के हिमगिरी में सहकारी बैंक की नई शाखा खोलने का आग्रह किया है, जिससे करीब 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाएं नजदीक मिल सकेंगी और उन्हें दूरदराज क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
यशवंत खन्ना ने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर धरातल पर कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि चुराह की मूलभूत समस्याओं का समाधान होने से क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और सरकार के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा।
Chamba, Chamba | Aug 22, 2026