
*दीपावली पर्व पर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने जिलेवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं*
*सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील*
**सलूंबर, 7 नवंबर।** जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने दीपावली के पावन पर्व पर सलूंबर जिले के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। उन्होंने जिलेवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं उत्साह के साथ मनाने के साथ ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की है।
जिला कलक्टर ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश, उमंग और आपसी सद्भाव का पर्व है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर तथा निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देता है। त्योहार की खुशियां मनाते समय प्रत्येक नागरिक को अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने अपील की कि पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें। छोटे बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें तथा आतिशबाजी के दौरान उन्हें बड़ों की निगरानी में रखें। ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल, डीजल एवं गैस सिलेंडर के आसपास पटाखे नहीं जलाएं। आतिशबाजी के लिए खुले एवं सुरक्षित स्थान का चयन करें तथा एहतियात के तौर पर पानी एवं रेत की व्यवस्था रखें। जल चुके या अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास नहीं करें।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कम प्रदूषण वाले पटाखों का उपयोग करने तथा बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार व्यक्तियों एवं पशु-पक्षियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहकर त्योहार मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिलेवासियों से त्योहार के दौरान यातायात नियमों की पालना करने, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरतने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की खुशियों एवं सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने सभी जिलेवासियों से आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ दीपोत्सव मनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।