
कालपी में दिनभर हलचल—झगड़े पर दो गिरफ्तार, खाद्य विभाग की छापेमारी, वृद्ध से मारपीट में मुकदमा; गणेश भंडारे से लेकर वंदे मातरम् तक गूंजा शहर
कालपी में पुलिस कार्रवाई से लेकर स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों तक दिनभर की प्रमुख खबरें
कालपी नगर और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग घटनाओं और आयोजनों को लेकर दिनभर हलचल बनी रही।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर झगड़ा कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि खेत जा रहे वृद्ध से मारपीट के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर दो प्रतिष्ठानों से तीन खाद्य नमूने लिए।
दूसरी ओर सीएचसी कालपी में ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया। धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में गणेशोत्सव भंडारा तथा वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गायन प्रमुख रहा।
झगड़े पर पुलिस का एक्शन, दो गिरफ्तार
टरननगंज चौकी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर झगड़ा कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार राम चबूतरा निवासी वहीद अपनी पत्नी से गाली-गलौज कर विवाद कर रहा था।
वहीं आलमपुर तिराहे पर निस्वापुर निवासी राम सजीवन के मुसाफिरों से विवाद करने की सूचना मिली।
दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में चालानी कार्रवाई की और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया।
खेत जा रहे वृद्ध से मारपीट, तीन पर मुकदमा
ग्राम बड़ी नादई निवासी 60 वर्षीय रूप सिंह ने चुर्खी थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि खेत जाते समय रास्ते में तीन लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट की।
सिर में चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गई है। पुलिस ने विशवनाथ सिंह, जय नारायण सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
त्योहार से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी
मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कालपी के टरननगंज बाजार स्थित मिष्ठान भंडार से दो खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
इससे पहले जालौन कस्बे से दूध का नमूना भी संकलित किया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
रिपोर्ट में कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात विभाग ने कही है।
सीएचसी कालपी में ऑपरेशन से प्रसव
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में चिकित्सा टीम ने ऑपरेशन के माध्यम से गर्भवती महिला का प्रसव कराया।
चिकित्सकों की टीम की देखरेख में नवजात के जन्म के बाद परिजनों में खुशी का माहौल रहा। अस्पताल प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं से प्रसव के समय सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की।
जश्न गौसुल वरा में गूंजी तकरीरें और नात
ग्यारहवीं शरीफ के अवसर पर दारुल उलूम गौसिया मजीदिया में जश्न गौसुल वरा का आयोजन हुआ। उलेमा ने हजरत शेख अब्दुल कादिर जीलानी की शिक्षाओं और जीवन पर प्रकाश डाला। जलसे में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
कोतवाली परिसर में गणेशोत्सव का भंडारा
गणेशोत्सव के अवसर पर कालपी कोतवाली परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
पुलिसकर्मियों, उनके परिवारों, नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक गायन
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कालपी में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
#कालपी #जालौन #Orai #Kalpi #JalaunNews #BreakingNews #KalpiPolice #FoodSafety #JalaunPolice #Bundelkhand #Ganeshotsav #VandeMataram #CrimeNews #GroundReport #FMNewsTV
Kalpi, Jalaun | Sep 26, 2026