
मांधना स्कूल सड़क मार्ग पर उगी झाड़ियां बनी परेशानी, हादसों का बढ़ा खतरा
मांधना। मांधना स्कूल जाने वाले सड़क मार्ग के दोनों तरफ कांग्रेस घास और भांग के पौधे व झाड़ियां उग आने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क मार्ग संकरा होने के कारण खासकर उस समय स्थिति गंभीर हो जाती है, जब आमने-सामने से बड़ी बस या ट्रक आ जाता है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा छोटे-छोटे बच्चे और ग्रामीण भी पैदल इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। दोनों तरफ झाड़ियां होने के कारण पैदल चलने वालों को सड़क किनारे पर्याप्त जगह नहीं मिलती। वहीं, बस या ट्रक आने पर वाहन चालकों को भी सड़क से निकलने में काफी दिक्कत होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के दोनों ओर झाड़ियां और घास उगी हुई है, लेकिन अभी तक इसकी सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के दोनों तरफ उगी कांग्रेस घास, भांग और झाड़ियों को जल्द हटाया जाए, ताकि वाहन चालकों, विद्यार्थियों और राहगीरों को सुरक्षित आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह मिल सके और किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।