वीर नारियों के त्याग को किया नमन, पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए 10 लाख की अनुदान राशि की घोषणा
पंचकूला। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने समाज से देश के वीर सैनिकों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और उनके परिवारों का सम्मान करने का आह्वान किया। पंचकूला में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, हरियाणा द्वारा आयोजित वीर नारी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान, कल्याण एवं पुनर्वास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने वीर नारियों को सम्मानित करते हुए उनके त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए 10 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिनमें वन रैंक वन पेंशन का कार्यान्वयन शामिल है। वहीं, देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है।
समारोह में प्रो. घोष ने हरियाणा की गौरवशाली सैन्य परंपरा और रेजांग ला के युद्ध में अहीरवाल क्षेत्र के सैनिकों के वीरतापूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में सैनिकों ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया और उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘पूर्व सैनिक गौरव स्मारिका’ और विकास की बुलंद उड़ान’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia