मोरनी की बेटी गरिमा ने जीता गोल्ड, बढ़ाया क्षेत्र का मान
मोरनी। आईसीएफएआई विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश के चौथे दीक्षांत समारोह में मोरनी क्षेत्र के गांव शिल्यों निवासी राज कुमार की बेटी गरिमा शर्मा ने उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने कुल 355 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। इस दौरान गरिमा शर्मा को उनके शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। गरिमा की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे मोरनी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गरिमा के चाचा भजन लाल शर्मा ने बताया कि गरिमा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने अपनी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि गरिमा की सफलता परिवार के लिए गर्व की बात है।
गरिमा शर्मा की इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।