Public App Logo
बाजपुर न्यूज काशीपुर में 29 अगस्त को होगी 5वीं राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप उत्तराखंड गतका एसोसिएशन के पांच वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन, 200 से 250 खिलाड़ियों के पहुंचने की संभावना बाजपुर। उत्तराखंड गतका एसोसिएशन के गठन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर 5वीं राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 29 अगस्त को काशीपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता प्रिंस पैलेस, कुंडेश्वरी रोड में आयोजित होगी। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एसोसिएशन के संस्थापक सचिव सरदार हरप्रीत सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में गतका खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 से 250 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का आयोजन सत्कर्तार फाउंडेशन, काशीपुर के सहयोग से किया जा रहा है। हरप्रीत सिंह ने बताया कि 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक हैदराबाद में राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप प्रस्तावित है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसोसिएशन ने प्रदेश के गतका खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। - Bajpur News