
21 से सामूहिक अवकाश पर जाएंगे जिले के सभी बीडीओ
सेवा संरचना, सुरक्षा और पदोन्नति समेत विभिन्न मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश का निर्णय
रोहतास जिले के सभी 19 प्रखंडों में 21 सितंबर से बीडीओ के सामूहिक अवकाश पर जाने से प्रखंड स्तर के विकास एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की संभावना है। बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर जिले के बीडीओ ने आंदोलन का निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों एवं सभी बीडीओ ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया है। नौहट्टा बीडीओ मनोरमा कुमारी ने बताया कि मांगों को लेकर अधिकारी पूर्व में काली पट्टी बांधकर कार्य कर सरकार का ध्यान आकृष्ट करा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण सामूहिक अवकाश का निर्णय लिया गया है।
संघ की प्रमुख मांगों में एंट्री लेवल-9 में नियुक्ति एवं वेतन का प्रावधान कर अधिकारियों को राज्य सेवा संवर्ग में शामिल करना, सेवा संरक्षण में सुधार, बीडीओ सहित संबंधित अधिकारियों को निजी अंगरक्षक व सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराना तथा कालबद्ध पदोन्नति का लाभ देना शामिल है। संघ ने मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
#रोहतास #बिहार #बिहार_सरकार