
ग्राम परिंदा तल्ला में धूमधाम से मनाया गया ग्रामोत्सव, विकास और सौहार्द का लिया संकल्प
देहरादून/चकराता। ग्राम परिंदा तल्ला में आयोजित ग्रामोत्सव एवं ग्राम देवता पूजन कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दिशा-ध्याणियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ग्राम की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनय कुकसाल, जयकृष्ण कुकसाल, मुकेश कुकसाल, हरीश कुकसाल, देवेंद्र, विनोद कुकसाल, प्रवीण कुकसाल, अनिल कुकसाल, शंभु प्रसाद कुकसाल, बुद्धि बल्लभ कुकसाल, राकेश कुकसाल, अनूप कुकसाल सहित समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण ग्राम बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव के विकास, सामाजिक एकता एवं आपसी सौहार्द को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया गया तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से गांव के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम परिंदा तल्ला की मातृशक्ति ने पारंपरिक गीत-संगीत, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
वहीं हवन, मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ढोंटियाल देवता एवं झाली-माली देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। ग्रामीणों ने गांव की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
ग्रामोत्सव में ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवान मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रमोहन जदली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामवासियों को ग्रामोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सहभागिता को गांव के विकास की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज एवं ग्राम की उन्नति और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ हुआ। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।