
तहसील गेट के पास शराब कारोबारी पर चाकू-हथौड़े से जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने का आरोप
बलिया। बेल्थरारोड तहसील गेट के पास बुधवार को शराब कारोबारी भानु प्रताप सिंह उर्फ बंटी सिंह पर हमलावरों ने चाकू, हथौड़े और कथित हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीयर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गुरुवार को जिला अस्पताल में घायल बंटी सिंह का एक्सरे कराया गया। शाम करीब पांच बजे उभांव थाना के पास उन्होंने आरोप लगाया कि शराब कारोबार और प्रॉपर्टी डीलिंग के चलते उनसे रंगदारी की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि पूर्व में आर्थिक मदद देने के बावजूद दोबारा पैसा देने से इनकार करने पर उन पर हमला किया गया।
घायल कारोबारी ने दावा किया कि इससे पहले भी उन्हें तीन बार निशाना बनाया जा चुका है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
बंटी सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे के कारणों तथा आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
#BalliaNews #BeltharaRoad #CrimeNews #UbhavPolice #BreakingNews