पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव और उनके खाद्य उत्पादों को लेकर तीखा हमला बोला। बलिया में दिवंगत रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे बृजभूषण ने मीडिया से बातचीत में रामदेव को लेकर कहा कि वह अब सिर्फ बाबा नहीं, बल्कि बड़े उद्योगपति हैं।
बृजभूषण ने आरोप लगाया कि नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है और गांव-गांव में कैंसर के मरीज सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बाबा रामदेव अकेले जिम्मेदार नहीं हैं, लेकिन खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ आंदोलन की जरूरत है।
उन्होंने रामदेव के आंदोलन की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें आंदोलन करना चाहिए, लेकिन इस बार मजबूती से मैदान में टिकना चाहिए। बृजभूषण ने रामदेव के कारोबारी विस्तार और उनके उत्पादों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
बृजभूषण ने कहा कि देश में मिलावट का कारोबार इतना बढ़ चुका है कि हर चीज के लिए सरकार पर निर्भर रहना ठीक नहीं है। लोगों को भी जागरूक होकर नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचने की जरूरत है।
#ballia #BrijBhushanSharanSingh #babaramdevji #patanjaliyoga #Balliakhabar