
🚨 डायरेक्टर साहब, सरपंच साहब! गांव की बात भी कर लिया करो… देश की चिंता करने के लिए पूरा सोशल मीडिया बैठा है!
आजकल गांव की राजनीति में एक नया चलन देखने को मिल रहा है।
संगरिया की आवाज़।
पंचायत समिति डायरेक्टर हों या गांव के सरपंच साहब, भाषण शुरू होते ही राष्ट्रीय राजनीति, देश की समस्याओं और बड़े-बड़े मुद्दों पर ज्ञान की गंगा बहने लगती है।
लेकिन जनाब! जरा गांव की तरफ भी नजर डाल लीजिए।
गांव की टूटी सड़कें, नालियों की बदहाली, गंदगी के ढेर, पेयजल की समस्या, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था, सरकारी योजनाओं में गड़बड़ियां और विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भी आपकी जिम्मेदारी का हिस्सा हैं।
जनता ने आपको गांव और क्षेत्र के विकास के लिए चुना है, राष्ट्रीय टीवी चैनलों की बहस में हिस्सा लेने के लिए नहीं!
व्हाट्सएप और फेसबुक पर मित्र पहले ही सुबह से रात तक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, विपक्ष, अमेरिका, पाकिस्तान और देश-दुनिया की समस्याओं पर ज्ञान बांट रहे हैं। वहां आपकी सेवाओं की फिलहाल कोई कमी नहीं है।
आपसे जनता की कुछ सीधी अपेक्षाएं हैं—
🔹 गांव की वर्तमान समस्याओं पर खुलकर बोलिए।
🔹 विकास कार्यों में हो रही देरी और गड़बड़ियों का हिसाब दीजिए।
🔹 पंचायत में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जवाब दीजिए।
🔹 गांव के विकास का अगले पांच साल का रोडमैप बताइए।
🔹 युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम ग्रामीणों के लिए आपकी क्या योजना है, यह स्पष्ट कीजिए।
याद रखिए, बड़े-बड़े भाषणों से गांव का विकास नहीं होता, विकास जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
राष्ट्रीय मुद्दों पर बोलना गलत नहीं है, लेकिन अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़कर दूसरों को ज्ञान देना जरूर सवालों के घेरे में आता है।
अब जनता को भाषण नहीं, हिसाब चाहिए। वादे नहीं, परिणाम चाहिए और सोशल मीडिया की लोकप्रियता नहीं, गांव की गलियों में विकास चाहिए।
क्योंकि जनता ने आपको गांव का प्रतिनिधि बनाया है, देश का राजनीतिक प्रवक्ता नहीं!
Vijay Singh Beniwal ✍️
संगरिया की आवाज़