
कड़ी सुरक्षा के बीच JTET परीक्षा शुरू, करीब 10 साल बाद परीक्षा को लेकर केंद्रों पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ ।
झारखंड में करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचने लगे। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को निर्धारित रिपोर्टिंग समय के अनुसार सेंटर कैंपस में प्रवेश कराया जा रहा है।
इस परीक्षा में राज्यभर से लगभग 5.65 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक रखा गया है। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी, जिसके लिए रिपोर्टिंग का समय दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित समय के अनुसार अभ्यर्थियों की जांच के बाद उन्हें केंद्र परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि करीब एक दशक बाद JTET परीक्षा आयोजित होने के कारण इस बार अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए यह परीक्षा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।