किन्नौर में चिट्टे के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार, 7.78 ग्राम चिट्टा और 1.04 लाख रुपये कैश बरामद
किन्नौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किन्नौर पुलिस ने स्पीलो स्थित कुबेर होटल में दबिश देकर एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 7.78 ग्राम चिट्टा, 1,04,700 रुपये नकद और एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई सोमवार रात की गई। मंगलवार को रिकांगपिओ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने मामले की जानकारी दी। इस दौरान एसपी किन्नौर सुशील कुमार भी मौजूद रहे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुधासेन उर्फ विक्की, निवासी स्पीलो, तहसील पूह, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। आरोपी स्पीलो स्थित कुबेर होटल का मालिक बताया जा रहा है। मंत्री जगत सिंह नेगी के अनुसार आरोपी भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है और वह भाजपा युवा मोर्चा पूह मंडल का पूर्व अध्यक्ष भी रह चुका है।
मंत्री ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उसके खिलाफ स्थानीय स्तर पर शिकायतें भी पुलिस को मिली थीं। सोमवार रात होटल में दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चिट्टा, नकदी और डिजिटल वजन मशीन बरामद की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। बरामद चिट्टे, नकदी और डिजिटल तराजू को कब्जे में लेकर मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित नशे के कारोबार से कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा हुआ है या नहीं।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि किन्नौर पुलिस ने अभियान के तहत अब तक 25 मामले दर्ज कर करीब 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
न्यूज टुडे हिमाचल
#Kinnaur #Chitta #DrugNews #HimachalPradesh #Spillo #PoliceAction