रसूलपुर पंचायत की बेटी सीमा कुमारी बनीं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 70वीं बीपीएससी में हासिल की सफलता
रोहतास। प्रखंड क्षेत्र की रसूलपुर पंचायत की बेटी सीमा कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी (BWO) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
सीमा कुमारी धर्मेंद्र सिंह एवं प्रमिला देवी की पुत्री हैं। उनके पिता एक प्रवासी श्रमिक हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण करते हुए बेटी की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। सीमा ने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है, जो उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रशासनिक सेवा में चयनित होने वाली सीमा कुमारी आज क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं। उनकी सफलता पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।