
बिहार सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत छपरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभरा। पंचायत स्तर पर आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया, जिससे लोगों में उत्साह और संतोष देखने को मिला।
छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने करिंगा, टेकनिवास, मुकरेरा एवं नैनी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में पेंशन, राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सुशासन की सरकार की ऐसी पहल है, जो जनता को बिचौलियों और अनावश्यक कार्यालयी प्रक्रियाओं से राहत दिलाने का कार्य करेगी।
Chapra, Saran | Jun 2, 2026