
समस्याओं के निपटारे को जन-आंदोलन की तैयारी, जल्द ही होगा #संघर्ष_मंच का गठन। पूरी खबर👇
मुरैना। नगर निगम मुरैना के समग्र विकास, आमजन की समस्याओं के समाधान तथा नगर निगम प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर में व्यापक जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में जनता को संगठित कर “संघर्ष मंच” का गठन किया जाएगा।
अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में मोहल्ला समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों के माध्यम से वार्डवार समस्याओं को चिन्हित किया जाएगा और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
हस्ताक्षर अभियान से सामने आएंगे जनहित के प्रमुख मुद्दे
जनता की वास्तविक समस्याओं और अपेक्षाओं को सामने लाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों से समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं प्राप्त कर उन्हें प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
वहीं, नगर निगम में लंबे समय से लंबित शिकायतों एवं जनसमस्याओं को लेकर जनता से रायशुमारी की जाएगी। नागरिकों से सीधे संवाद कर यह तय करने का प्रयास होगा कि शहर के विकास और जनहित से जुड़े किन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाना चाहिए।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बनेगा व्यापक मंच
पूर्व पार्षद दिलीप सिंह राठौर ने कहा कि नगर निगम मुरैना के विकास को दलगत राजनीति से अलग रखते हुए शहर के जागरूक नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों की सहभागिता से एक व्यापक समिति का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “संघर्ष मंच” किसी राजनीतिक दल विशेष के समर्थन या विरोध का मंच नहीं होगा, बल्कि इसका उद्देश्य शहर के विकास, जनहित के मुद्दों, पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े विषयों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मजबूती से उठाना होगा।
कथित अनियमितताओं और लापरवाही के मामलों पर भी होगी चर्चा
नगर निगम में सामने आ रही कथित अनियमितताओं एवं लापरवाही से जुड़े मामलों को भी जनसंवाद के माध्यम से उठाया जाएगा। इन मामलों में जिम्मेदारी तय करने और उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर वास्तविक स्थिति सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, संबंधित विषयों पर प्रशासन से जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की जाएगी।
समस्याओं के समाधान के लिए जनआंदोलन की तैयारी
प्रेस नोट में कहा गया कि नगर निगम एवं जिला प्रशासन को पूर्व में भी विभिन्न जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों से अवगत कराया जा चुका है। अपेक्षित समाधान नहीं होने की स्थिति में अब जनता की भागीदारी से “संघर्ष मंच” का गठन कर जनहित की आवाज को संगठित एवं प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।
इसके लिए नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन की तैयारियां भी की जाएंगी।
“संघर्ष मंच” का उद्देश्य किसी दलगत राजनीति को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि नगर निगम मुरैना के विकास, पारदर्शिता, जवाबदेही और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जनता की सामूहिक आवाज को मजबूत करना है।