
महज 3.17 सेकंड में टाइप की पूरी अंग्रेजी वर्णमाला, कुनाल जाटव ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
उरई के होनहार छात्र ने विश्व पटल पर चमकाया जालौन का नाम, जिलाधिकारी समीर ने सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
उरई। प्रतिभा, लगन और तकनीकी कौशल के दम पर उरई के एक होनहार छात्र ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे जनपद को गौरवान्वित कर दिया है। मोहल्ला बघौरा निवासी कुनाल जाटव ने अंग्रेजी वर्णमाला को महज 3.17 सेकंड में टाइप कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने 3.25 सेकंड के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
डिवाइन मर्सी स्कूल में कक्षा 11 के छात्र कुनाल की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी समीर ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उनकी प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कुनाल के पिता संतोष कुमार जाटव सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। कुनाल को बचपन से ही कंप्यूटर और तकनीक के क्षेत्र में विशेष रुचि है। वह लगातार अभ्यास के जरिए अपनी टाइपिंग क्षमता को बेहतर बना रहे हैं। खास बात यह है कि उनकी रुचि केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है। वह खेलों से जुड़े कई सॉफ्टवेयर भी तैयार कर चुके हैं और तकनीकी क्षेत्र में नए प्रयोग कर अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं।
कुनाल का सपना भविष्य में टेक उद्यमी बनकर अपना बड़ा व्यवसाय स्थापित करना है। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जनपद के उन तमाम विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने हुनर और मेहनत के दम पर कुछ अलग करने का सपना देखते हैं।
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026