
दिव्यांग बुजुर्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीआईजी अशोक कुमार ने लिया संज्ञान, अधिवक्ता से फोन पर की बात*
गोण्डा। देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी अशोक कुमार ने जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग बुजुर्ग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया।
मामला जनपद गोण्डा के थाना खोड़ारे क्षेत्र के ग्राम महाराजगंज का है, जहां निवासी दिव्यांग बुजुर्ग काशीराम वर्मा ने डीआईजी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही सुनील और उनके परिवार के सदस्यों पर कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया।
पीड़ित का कहना है कि जब भी वह अपनी जमीन पर फसल की बुवाई करने जाते हैं, तो विपक्षियों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट की धमकी दी जाती है। पीड़ित के अनुसार, जमीन का सीमांकन भी पहले कराया जा चुका है, इसके बावजूद वह अपनी भूमि पर खेती नहीं कर पा रहे हैं।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अशोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित के अधिवक्ता से फोन पर वार्ता कर मामले में प्रभावी विधिक पैरवी कराने और दिव्यांग बुजुर्ग को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराना पुलिस की प्राथमिकता है।