
शिमला पुलिस की PIT-NDPS के तहत बड़ी कार्रवाई, 2026 में अब तक 51 आदतन नशा तस्कर निरुद्ध; 8 और कंडा जेल भेजे
2025 में 3 और 2023-24 में एक भी नहीं हुई थी इस कानून के तहत कार्रवाई, नवंबर में एक साथ 8 तस्करों पर निरोध आदेश लागू
शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम के तहत निवारक कार्रवाई तेज कर दी है। वर्ष 2026 में अब तक 51 आदतन नशा तस्करों को इस कानून के तहत निरुद्ध किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने आठ और नशा तस्करों को तीन महीने के लिए निरुद्ध कर मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेजा है।
पुलिस के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी निरोध आदेशों के बाद आठ आरोपियों को 4 और 5 नवंबर 2026 को निरुद्ध किया गया। इनमें अमित लूथरा और सुनील कुमार को 4 नवंबर को, जबकि अत्तर सिंह, महेश ठाकुर, रुब्बल जडाइक, गोपी चंद, राजू चौहान और मोहित वर्मा को 5 नवंबर को निरुद्ध किया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, इन आठ आरोपियों के खिलाफ पहले से NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। वहीं अमित लूथरा, सुनील कुमार, महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं।
सभी आठ आरोपियों को तीन महीने की अवधि के लिए निरुद्ध किया गया है और आदेशों के अनुसार मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है।
तीन वर्षों के आंकड़ों में बड़ा अंतर
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में PIT-NDPS अधिनियम के तहत निरुद्ध किए गए लोगों की संख्या 51 पहुंच गई है। वर्ष 2025 में यह संख्या केवल तीन थी, जबकि वर्ष 2024 और 2023 में इस अधिनियम के तहत किसी को भी निरुद्ध नहीं किया गया था।
PIT-NDPS अधिनियम के तहत यह कार्रवाई उन आदतन नशा तस्करों को दोबारा अवैध कारोबार में सक्रिय होने से रोकने के उद्देश्य से की जाती है, जिनकी गतिविधियों को लेकर कानून के तहत निरोध आदेश जारी किए जाते हैं।
शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ केवल गिरफ्तारियां ही नहीं, बल्कि आदतन अपराधियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई भी जारी रहेगी, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके और युवाओं को नशे से बचाया जा सके।
#ShimlaPolice #PITNDPS #NDPSAct #ChittaMuktHimachal #DrugSmuggling #KandaJail #HimachalPolice #ShimlaNews #HimachalNews #UTHimachal #UTNews