
काशीपुर में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी साजिद और परिवार फरार
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात आईटीआई कोतवाली क्षेत्र की पैगा पुलिस चौकी अंतर्गत महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर-3 स्थित मढ़ैया देवी इलाके की बताई जा रही है। घटना के बाद से आरोपी पड़ोसी साजिद और उसके परिवार के लोग फरार हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका मेहबिश भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। इसी वर्ष उसने काशीपुर के राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से बीए की पढ़ाई पूरी की थी। आरोप है कि पड़ोसी साजिद ने मेहबिश की गोली मारकर हत्या की और उसके शव को अपने घर से उसके घर पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के समय घर में परिवार की महिलाएं मौजूद थीं।
सूचना मिलते ही आईटीआई कोतवाली पुलिस और पैगा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटना में प्रयुक्त हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि मामला आईटीआई थाना क्षेत्र की पैगा चौकी अंतर्गत मढ़ैया देवी मोहल्ले का है, जहां एक युवती की गोली लगने से मृत्यु हुई है। घटनास्थल का फॉरेंसिक निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। जिस घर में युवती की मृत्यु हुई, वहां रहने वाला साजिद, उसकी दो बेटियां और बेटा जीशान फरार हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
#काशीपुर #UdhamsinghNagar #KashipurNews #आईटीआईकोतवाली #महुआखेड़ागंज #मढ़ैयादेवी #MurderCase #CrimeNews #BreakingNews #UttarakhandNews #PoliceInvestigation #UttarakhandLive24 #मेहबिश #गोलीकांड