
चिंतपूर्णी दर्शन को जा रहे युवक की दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर।
ऊना: अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पंजाब के फिरोजपुर निवासी 23 वर्षीय हर्ष पुरी अपने जीजा बलकरण के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए जा रहे थे। सिद्ध चलेहड़ के पास पहुंचने पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही 23 वर्षीय हर्ष पुरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके जीजा बलकरण का अस्पताल में उपचार जारी है।
DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की तलाश की जा रही है।
न्यूज टुडे हिमाचल