
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को दिखा दुर्लभ पैंगोलिन
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के दीदार के लिए पहुंचे पर्यटकों को सफारी के दौरान दुर्लभ पैंगोलिन दिखाई दिया। जंगल की झाड़ियों के बीच धीरे-धीरे चलते पैंगोलिन को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। इस वन्यजीव के दिखाई देने की पुष्टि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने की है। जानकारी के अनुसार मैहर निवासी पर्यटक अंकुल त्रिपाठी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान सफारी करते हुए उनकी नजर जंगल की झाड़ियों के बीच विचरण कर रहे पैंगोलिन पर पड़ी। उन्होंने उसे अपने प्राकृतिक रहवास में धीरे-धीरे चलते हुए देखा। बताया गया कि सफारी के दौरान काफी समय बाद यह वन्यजीव पर्यटकों को दिखाई दिया है।
पैंगोलिन एक विशेष प्रकार का वन्यजीव है, जो मुख्य रूप से दीमक और चींटियां खाता है। भोजन की तलाश में यह जमीन पर घूमता है। इसकी सबसे खास विशेषता यह है कि खतरा महसूस होने पर यह अपने शरीर को गेंद की तरह समेट लेता है। इसके शरीर पर कठोर शल्क होते हैं, जो इसे सुरक्षा प्रदान करते हैं। बांधवगढ़ के जंगलों में इस दुर्लभ वन्यजीव का दिखाई देना पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव रहा।
#umaria
#उमरिया