
नगर पालिका सीधी के कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र पर सियासी हलचल, सांसद-विधायक का नाम गायब होने से बढ़ी सीएमओ की मुश्किलें!
16 नवंबर को विकास कार्यों के भूमि पूजन और लोकार्पण का कार्यक्रम, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल होंगे मुख्य अतिथि; आमंत्रण पत्र में स्थानीय सांसद और विधायक का नाम नहीं होने पर कलेक्टर की नाराजगी की चर्चा।
तलाश न्यूज | सीधी।
नगर पालिका परिषद सीधी में 16 नवंबर को आयोजित होने जा रहे भव्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित है। इसे लेकर नगर पालिका द्वारा आमंत्रण पत्र भी जिले में वितरित किए जा रहे हैं।
लेकिन कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र को लेकर अब नया विवाद सामने आता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, आमंत्रण पत्र में सीधी सांसद एवं स्थानीय विधायक का नाम शामिल नहीं किए जाने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर नाराजगी जताई गई है।
चर्चा है कि इस मामले को लेकर कलेक्टर विकास मिश्रा ने गुरुवार को नगर पालिका सीएमओ महमूद हसन को तलब कर नाराजगी जाहिर की और आमंत्रण पत्र को लेकर जवाब-तलब किया।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर इतने महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल करने में चूक कैसे हुई? क्या आमंत्रण पत्र में संशोधन किया जाएगा या कार्यक्रम से पहले कोई नया प्रशासनिक निर्णय सामने आएगा?
फिलहाल 16 नवंबर के कार्यक्रम से पहले नगर पालिका और प्रशासनिक महकमे में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब देखना होगा कि कार्यक्रम के आयोजन से पहले इस पूरे प्रकरण में क्या बदलाव सामने आते हैं।