सीधी में लोकायुक्त के बाद EOW की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार
मझौली के बाद अब पतुलखी में कार्रवाई, छात्रावास में पदस्थ कर्मचारी के नियमितीकरण के नाम पर मांगी थी रिश्वत; शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी की शिकायत पर EOW ने की कार्रवाई।
भास्कर| सीधी।
सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है। जिले में दूसरी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पहली कार्रवाई मझौली में लोकायुक्त रीवा की टीम ने की थी, वहीं अब दूसरी कार्रवाई पतुलखी में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) द्वारा की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतुलखी छात्रावास में पदस्थ अधीक्षक रामदरश को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि छात्रावास में पदस्थ एक कर्मचारी के नियमितीकरण के नाम पर अधीक्षक द्वारा 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
इस मामले में शिकायतकर्ता सुरेश प्रसाद द्विवेदी ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद EOW की टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते अधीक्षक को गिरफ्तार किया।
सीधी जिले में लगातार सामने आ रही भ्रष्टाचार संबंधी कार्रवाइयों से सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।