
जिस पर शिकायत, उसी के हाथ में जांच! सालाबाद आवास योजना में निष्पक्षता पर बड़ा सवाल
47 लाभार्थियों की शिकायत के बाद भी कार्रवाई की रफ्तार सुस्त, 10 दिन से पात्र-अपात्र सूची का इंतजार—जांच के बीच खातों में पहुंची रकम ने बढ़ाई हलचल
जालौन
ग्राम पंचायत सालाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के 47 लाभार्थियों को लेकर उठी शिकायतों ने अब जांच की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जिन अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों के दरवाजे खटखटाए गए, उन्हीं शिकायतों की जांच ग्राम पंचायत सचिव साधना राठौर के स्तर से कराई जा रही है।
ऐसे में ग्रामीणों का सीधा सवाल है—शिकायत की जांच भी वही करे, जिसके स्तर पर शिकायत उठी है, तो निष्पक्षता का भरोसा कैसे बनेगा?
शिकायतकर्ताओं के अनुसार जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच किसी सक्षम अधिकारी से कराने तथा मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच कराने की मांग की गई थी।
आरोप है कि शिकायत के करीब डेढ़ माह बाद गांव में जांच हुई, लेकिन शिकायतकर्ताओं को जांच की जानकारी तक नहीं दी गई।
बाद में उन्हें पता चला कि उनके घरों की भी जांच की गई, जबकि उनका नाम आवास योजना की सूची में शामिल नहीं था।
मामले में एक और गंभीर सवाल पात्र-अपात्र सूची को लेकर उठ रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने सूची उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन करीब 10 दिन गुजरने के बाद भी सूची उन्हें नहीं मिली।
सवाल यह है कि जब लाभार्थियों की पात्रता जांच के दायरे में है, तो सूची उपलब्ध कराने में इतनी देरी क्यों?
जांच चल रही थी या भुगतान की रफ्तार?
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक जांच प्रक्रिया के दौरान ही कुछ लाभार्थियों के खातों में आवास योजना की धनराशि पहुंचने लगी।
इसको लेकर उन्होंने सवाल उठाया है कि जब पात्रता को लेकर शिकायत लंबित थी और जांच चल रही थी, तो भुगतान की प्रक्रिया किस आधार पर आगे बढ़ी?
ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच ग्राम पंचायत स्तर से हटाकर किसी स्वतंत्र एवं सक्षम अधिकारी से कराई जाए।
साथ ही पात्र-अपात्र सूची, लाभार्थियों की पात्रता, मौके की जांच और खातों में भेजी गई धनराशि का रिकॉर्ड सार्वजनिक कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए।
अब निगाह जिला प्रशासन पर है कि शिकायतों की जांच केवल कागजों तक सीमित रहती है या फिर 47 लाभार्थियों की पात्रता और पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष पड़ताल कर सच्चाई सामने लाई जाती है।
#Jalaun #JalaunNews #Salabad #AwasYojana #PMAYG #JalaunDM #BDOJalaun #GramPanchayat #GroundReport #BreakingNews #JalaunAdministration #UttarPradesh #Bundelkhand #जालौन #सालाबाद #आवासयोजना #निष्पक्षजांच #ग्राउंडरिपोर्ट
Kalpi, Jalaun | Sep 26, 2026