
#बालाघाट
28 जून को जिलेभर में चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान
1.77 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी दवा
पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के लिए बालाघाट जिले में आगामी 28 जून 2026, रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की दो बूंद खुराक पिलाई जाएगी। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने बताया कि जिले में इस अभियान के अंतर्गत 1 लाख 77 हजार 56 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के अंतर्गत विकासखंड बैहर में 13,204, बिरसा में 15,926, कटंगी में 22,787, खैरलांजी में 13,941, किरनापुर में 18,939, लालबर्रा में 17,185, लामता में 18,577, लांजी में 17,331, परसवाड़ा में 13,401, रामपायली में 12,537, वारासिवनी में 3,247 तथा बालाघाट नगरीय क्षेत्र में 9,981 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिले में बनाए गए 1792 पोलियो बूथ
डॉ. उपलप ने बताया कि जन्म से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में 1792 पोलियो बूथ एवं टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। अभियान के सफल संचालन हेतु 3652 टीकाकरण कर्मचारियों तथा 225 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य आवागमन स्थलों पर बच्चों को दवा पिलाने के लिए 38 ट्रांजिट टीमों तथा दूरस्थ एवं विशेष क्षेत्रों में पहुंचने के लिए 30 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।
सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पिलाई जाएगी दवा
28 जून को सभी पोलियो बूथों एवं टीकाकरण केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित समय के भीतर निकटतम पोलियो केंद्र पर अवश्य लेकर आएं।
छूटे हुए बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी टीम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यदि किसी कारणवश कोई बच्चा 28 जून को पोलियो की दवा लेने से वंचित रह जाता है, तो 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों की पहचान करेंगी और उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएंगी। हालांकि विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घर पर टीम के आने की प्रतीक्षा न करें और 28 जून को ही अपने बच्चों को दवा पिलाना सुनिश्चित करें।
जनभागीदारी से बनेगा अभियान सफल
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ-साथ आसपास के बच्चों को भी पोलियो बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो रोधी दवा पिलाना आवश्यक है। प्रशासन ने समाजसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
#PolioMuktBharat #SwasthBharat #HealthForAll