
कमीशन के आरोपों के बीच पंचायत समिति के बीडीओ श्रवणराम जाखड़ एपीओ
भाजपा नेता एडवोकेट जगदीश सिंह राठौड़ की शिकायत के बाद पंचायती राज विभाग ने जारी किए आदेश, जयपुर मुख्यालय में देनी होगी उपस्थिति
लाडनूं। पंचायत समिति लाडनूं में अतिरिक्त विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत श्रवण राम जाखड़ को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया गया है। राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार उन्हें मुख्यालय पंचायती राज विभाग, जयपुर किया गया है। आदेश में उन्हें आगामी उपस्थिति मुख्यालय जयपुर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार लाडनूं के भाजपा नेता एवं अधिवक्ता जगदीश सिंह राठौड़ की ओर से पंचायत समिति में विकास कार्यों के टेंडर एवं अन्य मामलों को लेकर पंचायती राज विभाग के मंत्री, शासन सचिव सहित उच्च अधिकारियों को शिकायत की गई थी। शिकायत में टेंडर प्रक्रिया में 13 प्रतिशत कमीशन लिए जाने के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों की जांच फिलहाल विचाराधीन बताई जा रही है।
आदेश में राज्यादेशों की अवहेलना पर चेतावनी
पंचायती राज विभाग की ओर से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि पंचायत समिति लाडनूं, में बीडीओ पदस्थापित था अतिरिक्त विकास अधिकारी श्रवण राम को तत्काल प्रभाव से आदेशों की प्रतीक्षा में एपीओ किया जाकर मुख्यालय पंचायती राज विभाग, जयपुर किया जाता है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी को आगामी उपस्थिति मुख्यालय में प्रस्तुत करनी होगी, अन्यथा इसे राज्यादेशों की अवहेलना माना जाएगा।