
पत्रकारों की मांगों को लेकर डीएम से मिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का शिष्टमंडल, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बक्सर । पत्रकारों के हितों और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, बक्सर जिला इकाई का शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी आईएएस साहिला से मिला। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम मांगपत्र सौंपते हुए पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की मांग की।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा। ज्ञापन में देश में नए मीडिया आयोग के गठन, पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने, वर्किंग जर्नलिस्ट के लिए पूर्व में उपलब्ध कानूनी सुरक्षा उपायों को बहाल करने तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नए वेज बोर्ड के गठन की मांग की गई है।
ज्ञापन में यूनियन द्वारा कहा गया है कि पिछले चार दशकों में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदला है। 24 घंटे के न्यूज चैनल, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
यूनियन के महासचिव आलोक कुमार एवं कोषाध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने कहा कि एक स्वतंत्र, सक्रिय और आर्थिक रूप से सुरक्षित प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी साहिला ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक संदेश देते हुए ज्ञापन को उचित माध्यम से आगे भेजने का भरोसा दिलाया।
Buxar, Buxar | Oct 1, 2026