
आकोला चुनाव का सबसे रोचक एंगल - जवाहरनगर के 5 वार्ड बने चर्चा का केंद्र
दैनिक वीरधरा राजस्थान
आकोला। 20 वार्डों वाली आकोला नगरपालिका में सबसे ज्यादा चर्चा जवाहरनगर के 5 वार्डों (वार्ड 10 से 14) की हो रही है। यहां के नतीजों ने राजनीतिक पंडितों को भी हैरान कर दिया। एक नजर में पांचों वार्डों के रोचक परिणाम: वार्ड 10 - कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत, यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने 266 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। यह पूरे नगरपालिका चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। जवाहरनगर में कांग्रेस की लहर साफ दिखी।
वार्ड 11 - कांटे की टक्कर, भाजपा जीती, यहां भाजपा प्रत्याशी ने मात्र 7 मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल हुई। आखिरी राउंड तक सांसें अटकी रहीं। वार्ड 12 - भाजपा की जमानत जब्त: यहां भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई। कांग्रेस के सामने भाजपा तीसरे नंबर पर खिसक गई। वार्ड 13 - उलटफेर, कांग्रेस की जमानत जब्त, निर्दलीय जीता: सबसे बड़ा उलटफेर यहीं हुआ। यहां कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई, भाजपा हारी और निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मार ली। यही निर्दलीय बाद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के साथ (13 वां वोट) जुड़ा।
वार्ड 14 - पैराशूट प्रत्याशी ने मंडल अध्यक्ष को घर में हराया:
यहां कांग्रेस के पैराशूट प्रत्याशी (बाहरी वार्ड से लाकर लड़ाए गए) अफज़ल मंसुरी ने भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष शंकर साहू के गृह क्षेत्र में उन्हें 72 मतों से पराजित कर दिया। यह भाजपा के लिए सबसे शर्मनाक हार मानी जा रही है। इसे भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष शंकर साहू और भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
चर्चा क्यों ?
जवाहरनगर के इन 5 वार्डों ने साबित कर दिया कि अशोक गहलोत द्वारा बनाई गई इस नगरपालिका के पहले ही चुनाव में जवाहरनगर निर्णायक रणभूमि बना।