विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई - सीईओ श्री गुर्जर
-----------
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में विभिन्न योजनाओं एवं ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक जनपद हनुमना में आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, वीबी-जी रामजी योजना, जल गंगा अभियान, ई-केवाईसी एवं पंचायत दर्पण पोर्टल की प्रगति की समीक्षा की गई। श्री गुर्जर ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रथम किस्त जारी होने के 45 दिवस बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं होने तथा कम प्रगति वाली पंचायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सचिव एवं जीआरएस के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। वीबी-जी रामजी योजना में मस्टर रोल जारी कर अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने, जल गंगा अभियान के शेष कार्य पूर्ण कराने तथा लंबित ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत वाश ऑन व्हील का पंजीयन एक सप्ताह में पूर्ण कराने तथा पंचायत दर्पण पोर्टल पर परिवारों का पंजीयन एवं कर वसूली की कार्रवाई निर्धारित समय में पूर्ण करने को कहा गया। बिना सक्षम अनुमति अनुपस्थित रहने वाले सचिव एवं जीआरएस को नोटिस जारी करने तथा मुख्यालय से बिना अनुमति बाहर नहीं जाने के निर्देश दिए गए। हटवा निर्भयनाथ, बेलहा, सरदमन, जड़कुड़ एवं पिपराही सहित कम प्रगति वाली पंचायतों के संबंधित सचिवों के विरुद्ध नोटिस एवं वेतन राजसात की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं ओएसआर योजना में लापरवाही पर एडीईओ श्री संदीप पाण्डेय को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हनुमना व प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश मेहता सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#mauganj