
बिलासपुर: जबली जेल में कैदी की मौत, पेशी पर एक दिन पहले परिवार से मिला था लखवीर, तबीयत थी बिल्कुल ठीक
बिलासपुर के मुक्त कारागार जबली में न्यायिक हिरासत में बंद 40 वर्षीय कैदी लखवीर सिंह पुत्र देव राज, निवासी बाग ठेडू, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे AIIMS कोठीपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के अनुसार, लखवीर सिंह से पेशी के दौरान एक दिन पहले ही परिवार के सदस्य मिले थे और उस समय वह बिल्कुल ठीक था। परिवार के मुताबिक उस दौरान उसकी तबीयत को लेकर किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई थी। इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना मिलने से परिवार में चिंता का माहौल है।
घटना की सूचना 9 सितंबर की रात सदर थाना बिलासपुर को दी गई। मामला न्यायिक हिरासत में मृत्यु से जुड़ा होने के कारण इसे गंभीरता से लेते हुए CJM बिलासपुर के निर्देश पर न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
AIIMS कोठीपुरा में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
पुलिस के अनुसार, लखवीर सिंह की मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामला न्यायिक हिरासत में मृत्यु से संबंधित है और CJM के निर्देशानुसार न्यायिक जांच करवाई जा रही है। न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृत्यु के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
#BilaspurNews #GhumarwinNews #JabliOpenJail #MuktKaragarJabli #LakhvirSingh #NyayikHirasatMeMaut #AIIMSKothipura #JudicialCustodyDeath #JudicialEnquiry #MedicalBoard #Postmortem #BilaspurBreakingNews #GhumarwinBreakingNews #HimachalNews #UTHimachal #UniqueTodayNews