
छठ महापर्व संपन्न होने के बाद दूसरे प्रदेशों में काम पर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गया से चेन्नई के लिए एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 03689 गया-चेन्नई सुपरफास्ट एकतरफा पूजा स्पेशल 17 नवंबर को सुबह 5:30 बजे गया जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 18 नवंबर को शाम 4:20 बजे चेन्नई पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव डीडीयू मंडल के डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर दिया गया है। डीडीयू मंडल के मुख्य सूचना अधिकारी सरस्वतीचंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 6:27 बजे डेहरी ऑन सोन, 6:48 बजे सासाराम और 7:18 बजे भभुआ रोड पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 8:23 बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी और 8:30 बजे चेन्नई के लिए रवाना हो जाएगी। गया-चेन्नई सुपरफास्ट एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दिव्यांगजन अनुकूल सुविधा वाले दो द्वितीय श्रेणी सह सामान एवं ब्रेकयान, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और दो वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
#chhathparv #chhathpuja